शाहपुर (बिहार),
गंगा नदी और उसकी सहायक धर्मावती नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को गंगा नदी में मोटरबोट के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ बैरिया के अनुमंडल पदाधिकारी आलोक प्रकाश, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने जवईनिया सहित कई सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान यूपी और बिहार दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच संभावित कटाव, जल भराव, और राहत कार्यों को लेकर समन्वय पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अधिकारियों से मुलाकात की और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े अपने सुझाव दिए। लोगों ने बताया कि समय रहते पर्याप्त संसाधनों और राहत सामग्री की व्यवस्था की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
