असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दुर्गा पूजा के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने साफ कहा है कि जो भी दुर्गा पूजा के समय उत्पात मचाएगा या कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाएगा, उसके खिलाफ ‘Shoot at Sight’ यानी देखते ही गोली मारने का आदेश लागू होगा।
सीएम सरमा का सख्त संदेश
सीएम सरमा ने धुबरी जिले का जिक्र करते हुए कहा कि,
“हमें अन्य क्षेत्रों में कोई समस्या नहीं है क्योंकि लोग शांति और सौहार्द बनाए हुए हैं। लेकिन हमारी चिंता धुबरी और दक्षिण सलमारा को लेकर है क्योंकि ये दोनों सीमावर्ती जिले हैं। हालांकि, दक्षिण सलमारा में पिछले पांच सालों में कोई प्रतिकूल घटना दर्ज नहीं की गई है, लेकिन धुबरी में काफी गतिविधियां चल रही हैं।”
उन्होंने यह भी दोहराया कि आदेश वापस नहीं लिया जाएगा और सरकार हर हाल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखेगी।
दुर्गा पूजा 2025 की शुरुआत
इस साल दुर्गा पूजा की शुरुआत 28 सितंबर से होने जा रही है। पूरे देश में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना और भव्य पंडालों की तैयारियां जोरों पर हैं। असम सरकार चाहती है कि इस दौरान किसी भी तरह का सांप्रदायिक तनाव या हिंसा ना फैले।
आदेश पर विवाद भी शुरू
हालांकि, इस सख्त फैसले का विरोध भी सामने आने लगा है। कई लोगों का कहना है कि इससे प्रदेश में साम्प्रदायिक तनाव बढ़ सकता है। कुछ लोगों का आरोप है कि सरकार 2026 चुनाव से पहले माहौल को और तनावपूर्ण बनाने की कोशिश कर रही है।
