इटावा में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता को गुमराह कर और वोट चोरी करके सत्ता में आई है, लेकिन अब जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और 2027 के चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।
रामभद्राचार्य के बयान पर तंज
पश्चिमी यूपी को “मिनी पाकिस्तान” बताने वाले स्वामी रामभद्राचार्य के बयान पर शिवपाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें कुछ दिखाई ही नहीं देता। तंज कसते हुए बोले, “इन्हीं ने तो सरकार बनाई थी और इन्हीं का राज्य है, उनके बयानों पर तरस ही आता है।” इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल ही में हुए विमान हादसे के खतरे पर भी चिंता जताई, जिसमें सपा सांसद डिंपल यादव सवार थीं। उन्होंने कहा कि अब हवाई यात्रा भी सुरक्षित नहीं रह गई है।
महंगाई और किसानों की दुश्वारियां
शिवपाल ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को भी जनता के लिए बोझ बताया। उनके मुताबिक पहले ₹2000 का आने वाला बिल अब ₹5000-7000 तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इतनी महंगी बिजली किसी और राज्य में नहीं है। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने डीएपी और यूरिया खाद की किल्लत पर नाराजगी जताई। साथ ही बताया कि अब खाद की बोरियां 50 किलो से घटकर 40 किलो की कर दी गई हैं जबकि कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। वहीं बैठक में उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया और कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता आगामी चुनाव की तैयारी में जुटा हुआ है।
