भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु शादी के बंधन में बंधी
भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने रविवार को बिजनेसमैन वेंकट साई के साथ शादी कर ली। दोनों ने राजस्थान के उदयपुर में दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार शादी रचाई। इस शादी को बेहद निजी रखा गया था, जिसमें चुनिंदा मेहमान ही शामिल हुए। शादी के बाद 24 दिसंबर को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित होगा।
शादी की खास झलकियां

सिंधु ने क्रीम कलर की साड़ी पहनी, जबकि वेंकट ने मैचिंग धोती-कुर्ता पहना। शादी के सभी रस्में उदयपुर के राफेल्स होटल में हुईं। शनिवार को संगीत और मेहंदी जैसे प्री-वेडिंग फंक्शन हुए। इस खास मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जैसे प्रतिष्ठित मेहमान भी पहुंचे। शादी में साउथ इंडियन और राजस्थानी व्यंजन परोसे गए।
पीवी सिंधु का करियर

5 जुलाई 1995 को हैदराबाद, आंध्र प्रदेश में जन्मीं पीवी सिंधु का पूरा नाम पुसरला वेंकट सिंधु है। उनके माता-पिता पीवी रमना और पी विजया राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे हैं। सिंधु ने 8 साल की उम्र से बैडमिंटन खेलना शुरू किया और पुलेला गोपीचंद की सफलता से प्रेरित होकर इस खेल में करियर बनाया।
उन्होंने 2009 में सब-जूनियर एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। 2012 में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सिंधु ने 2016 के रियो ओलंपिक में रजत और टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता। वह लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
पुरस्कार और सम्मान

- पद्म भूषण (2020)
- पद्म श्री (2015)
- राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड
- अर्जुन अवार्ड (2013)
पीवी सिंधु की शादी ने खेल और राजनीति जगत की बड़ी हस्तियों का ध्यान खींचा है। वह देश की प्रेरणादायक खिलाड़ियों में से एक हैं और अब अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रही हैं।
