बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। बेगूसराय की उभरती खिलाड़ी रोशनी कुमारी ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में रोशन कर दिया है। उनका चयन साउथ एशियन गोल शॉट बॉल इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय महिला टीम में उप कप्तान के रूप में हुआ है।
यह चैंपियनशिप 16 से 19 दिसंबर 2025 तक नेपाल के काठमांडू और पोखरा में आयोजित की जाएगी।
रोशनी कुमारी बेगूसराय के भारद्वाज नगर की निवासी हैं। वह भूतपूर्व सैनिक संजय कुमार और गृहिणी नीलम कुमारी की पुत्री हैं। रोशनी ने अपनी स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय आईओसी बरौनी से की है। वर्तमान में वह सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (M.P.Ed) कर रही हैं।
इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश, ओमान, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल और भूटान समेत कुल 8 देश भाग ले रहे हैं। रोशनी अपने स्कूली दौर में भी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
रोशनी की इस उपलब्धि पर मटिहानी विधायक बोगो सिंह, इन्कम टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर दुर्गेश नंदन, बिहार गोल शॉट बॉल एसोसिएशन के चेयरमैन सुमित कुमार, तथा गौरव कुमार, अमित कुमार वर्मा, नवीन कुमार सिंह, अनु कुमारी, अस्मिता सिंह आदि ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बेगूसराय की इस प्रतिभा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि साहस, प्रयास और मजबूत इरादे सफलता की ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।
